CM Bhajan Lal Sharma: बीकानेर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति के विचार, नवाचार, कौशल और उद्यमिता ही विकसित राजस्थान की मजबूत नींव हैं। युवाओं से अपने सामर्थ्य और समर्पण के जरिए प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि(CM Bhajan Lal Sharma) राज्य सरकार युवाओं को प्रतिभा दिखाने के लिए जरूरी संसाधन, अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है।
‘युवा राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत’
मुख्यमंत्री शनिवार को बीकानेर स्थित जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान में आयोजित ‘विकसित राजस्थान 2047’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवा विकसित, आत्मनिर्भर और नए भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। कृषि, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और जनसेवा जैसे क्षेत्रों की समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
रोजगार लेने वाला नहीं, देने वाला बने युवा
CM शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए राजस्थान युवा नीति समेत 36 नीतियां लागू की गई हैं और स्टार्टअप व स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थानीय कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग इकाइयों से युवाओं को रोजगार के साथ उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पेपरलीक माफिया पर सरकार का सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपरलीक माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। उनके अनुसार अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित की गई हैं। राज्य में 1.78 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हरित और सुगम परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बीकानेर में 5 नई पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
