स्कूल विदाई समारोह में चाकूबाजी से मची दहशत, चेचट में दो छात्र गंभीर घायल, जाने क्या है मामला

Crime News

Crime News: झालावाड़। झालावाड़ जिले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चेचट में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 12वीं कक्षा के विदाई समारोह के दौरान एक बाहरी युवक ने स्कूल परिसर के बाहर दो छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद ने(Crime News) अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान दो छात्र कुछ देर के लिए स्कूल गेट के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक बाहरी युवक वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश व मोबाइल फोन को लेकर विवाद के बाद अचानक चाकू से हमला कर दिया।

सीने, सिर और नाक पर किए वार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने एक छात्र के सीने पर चाकू से वार किया, जबकि दूसरे छात्र के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से भी हमला किया और मौके से फरार हो गया। छात्रों की चीख-पुकार सुनकर शिक्षक और अन्य विद्यार्थी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुका था।

घायल छात्रों को तुरंत चेचट अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अस्पताल में घायल छात्रों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन, विद्यार्थियों और अभिभावकों में भय और आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूल परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और बाहरी तत्वों पर सख्त निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version