पंचायत समिति चुनाव की वोटिंग से 24 घंटे पहले कांग्रेस प्रत्याशी की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव

22 अक्टूबर को होना है मतदान; आलमजी का थान में खेत में पेड़ से फंदे पर लटके मिले 45 वर्षीय प्रत्याशी मोहनलाल, पुलिस जांच में जुटी

Barmer Mangta Panchayat Samiti Congress candidate Mohanlal
बाड़मेर की मांगता पंचायत समिति के वार्ड 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल की मतदान से एक दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

Barmer : राजस्थान में पंचायत समिति चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले बाड़मेर में एक दुखद घटना सामने आई है। मांगता पंचायत समिति के वार्ड संख्या 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल (45) का शव बुधवार सुबह उनके खेत में पेड़ से लटका मिला।

पुलिस के अनुसार, आलमजी का थान (उड़ासर) निवासी मोहनलाल पुत्र पूनमाराम बुधवार तड़के करीब 4 बजे अपने खेत की ओर गए थे। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटका देखा और तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।

सदर थाना अधिकारी देवीचंद ढाका ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल किसी सुसाइड नोट या विवाद की बात सामने नहीं आई है। पुलिस कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

मांगता पंचायत समिति के वार्ड 8 में 22 अक्टूबर को मतदान होना है। इस वार्ड में कांग्रेस के मोहनलाल के अलावा भारतीय जनता पार्टी के भभूताराम और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के ओमप्रकाश प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। मतदान से ठीक 24 घंटे पहले हुई इस घटना से स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version