
JAIPUR : राजस्थान की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी वसुंधरा राजे की प्रशासनिक पकड़ की तारीफ करते हुए मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोला है। जयपुर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे और भजनलाल शर्मा के काम करने के तरीकों में दिन-रात का अंतर है।
गहलोत ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वसुंधरा राजे से उनके तीखे राजनीतिक मतभेद रहे हैं-यहां तक कि पहले कार्यकाल के दौरान दोनों के बीच पांच साल तक बातचीत भी बंद रही थी। इसके बावजूद उन्होंने राजे के शासन करने के अंदाज को सराहा। गहलोत के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री रहने का अनुभव होने के कारण राजे ने ब्यूरोक्रेसी पर पूरी तरह नियंत्रण रखा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “उन्होंने अफसरशाही को अपने नियंत्रण में रखा, बल्कि कई बार जरूरत से ज्यादा नियंत्रण में रखा। आलम यह था कि उनकी बैठकों में कई अधिकारी बीमार तक पड़ जाते थे। उन्होंने अपने तरीके से और जमकर शासन किया।”
इसके उलट, भजनलाल शर्मा के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में ‘सरकार नाम की कोई चीज’ नजर नहीं आ रही है। उन्होंने दावा किया कि न केवल आम जनता और अफसरशाही परेशान है, बल्कि खुद सत्ताधारी बीजेपी के नेता भी दबी जुबान में स्वीकार कर रहे हैं कि पिछली कांग्रेस सरकार में उनके काम ज्यादा तेजी से होते थे।
मुख्यमंत्री के विदेश दौरों और ‘राइजिंग राजस्थान’ जैसे निवेश सम्मेलनों को भी गहलोत ने महज दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञापन और आयोजनों पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद घोषित निवेश का 10 फीसदी भी जमीन पर नहीं उतरता। गहलोत के अनुसार, कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने और कामकाज ठप रहने की नाराजगी ही हालिया पंचायत चुनावों में बीजेपी की हार का कारण बनी।
हालांकि, सियासी हमलों के बीच गहलोत ने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, इसलिए वे चाहते थे कि अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ उन्हें दें। गहलोत ने स्पष्ट किया कि उनके मन में मुख्यमंत्री के प्रति कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं है, वे संवैधानिक पद का सम्मान करते हैं और होली, दीपावली व जन्मदिन जैसे मौकों पर शिष्टाचार बनाए रखते हैं।