Rajasthan Political News: जोधपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई नेता शामिल हुए. वहीं इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को नहीं बुलाया गया, जिसको लेकर उन्होंने सोशल मिडिया एक्स पर पोस्ट कर नाराजगी जाहिर की है. अशोक गहलोत ने कहा आज भैरोसिंह शेखावत की आत्मा को कष्ट हुआ होगा कि अशोक गहलोत को नहीं बुलाया गया.
वहीं इस मामले को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जवाब देते हुए कहा कि मैं इस बारे में जानकारी लेता हूं कि क्यों नहीं बुलाया गया. उन्होंने कहा कि जहां तक मैं समझता हूं अशोक गहलोत को इस कार्यक्रम में बुलाना चाहिए था.
BJP ने उन्हें कभी पूरा सम्मान
इससे पहले अशोक गहलोत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “भैरोंसिंह शेखावत राजस्थान के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे. पूरा राजस्थान जानता है कि उनके जीवनकाल में बीजेपी ने उन्हें कभी पूरा सम्मान नहीं दिया. जब वे उपराष्ट्रपति बने तो उनके सम्मान में हमारी कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री आवास में उनके सम्मान में भव्य समारोह रखा था परन्तु बीजेपी ने कोई कार्यक्रम तक नहीं रखा.”
गहलोत ने आगे लिखा, “कांग्रेस ने उनके निधन के बाद भी उन्हें पूरा सम्मान दिया. शेखावत के निधन के दिन ही उनके परिजनों से चर्चा कर हमारी कांग्रेस सरकार ने विद्याधर नगर स्टेडियम में अविलंब उनके दाह संस्कार हेतु जमीन आवंटित की और वहीं उनका स्मारक बनाया. पूरे प्रदेशवासियों में तब भी चर्चा थी और आज भी बनी हुई है कि यदि बीजेपी सरकार भी होती तो उनके अंतिम संस्कार की अनुमति विद्याधर नगर में नहीं देती और न ही उनका स्मारक बनने देती.”
‘आज भैरोसिंह की आत्मा…
पूर्व सीएम ने ये भी लिखा, “आज मेरे क्षेत्र जोधपुर में भैरों सिंह शेखावत की मूर्ति के उद्घाटन का राजकीय कार्यक्रम था जो जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया. आज भैरों सिंह शेखावत की आत्मा को भी कष्ट हुआ होगा कि बिना अशोक गहलोत को बुलाए यह कार्यक्रम किया गया. बीजेपी ने इस कार्यक्रम में राजनीति कर इस कार्यक्रम की गरिमा को कम किया है. मुझे ऐसा लगता है कि यह बात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पता होती तो ऐसा नहीं होता
