Anta by-election: राजस्थान की अंता सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले रामपाल मेघवाल अब अपना नामांकन वापस लेने जा रहे हैं। मेघवाल ने बीजेपी से बागी होकर पर्चा भरा था। उन्होंने 2013 में बारां की अटरू सीट से लगभग 20 हजार मतों से जीत दर्ज की थी। (Anta by-election)उनके नामांकन के समय माना जा रहा था कि वह भाजपा को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
पर्चा वापस लेने पर सहमति
शनिवार को पूर्व विधायक ने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाक़ात की और पर्चा वापस लेने पर सहमति जताई। इस फैसले से अंता विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी को रणनीतिक मजबूती मिली है। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा परिवार पहले से अधिक एकजुट होकर मैदान में उतरेगा।
मिठाई खिलाकर स्वागत
प्रदेशाध्यक्ष ने रामपाल मेघवाल का मिठाई खिलाकर स्वागत किया। राठौड़ ने कहा कि भाजपा में मनभेद हो सकते हैं, लेकिन परिवार के रूप में एकजुटता बनी रहेगी। मेघवाल ने भी भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने कहा कि अंता उपचुनाव में आपसी मनमुटाव के चलते उन्होंने निर्दलीय नामांकन दर्ज किया था। लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन और उदारता से प्रेरित होकर उन्होंने नामांकन वापस लिया और भाजपा परिवार में पुनः वापसी की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भारी मतों से विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
