
मथुरा:रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने शुक्रवार रात नंगे पांव पैदल चलकर गिरिराज महाराज की गोवर्धन परिक्रमा पूरी की। करीब साढ़े चार घंटे में सात किलोमीटर की यह परिक्रमा पूरी करने के बाद रिलायंस समूह ने ब्रज क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए पहले चरण में 18 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।
केसरिया कुर्ता और पीली पगड़ी पहने अनंत अंबानी ने आम श्रद्धालुओं के बीच भजन-कीर्तन और ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के जयकारों के साथ अपनी पदयात्रा पूरी की। परिक्रमा से पहले उन्होंने जतीपुरा स्थित गंगा धाम पहुंचकर श्री गिरिराज मुखारविंद मंदिर में श्रृंगार आरती में हिस्सा लिया और 280 किलो का छप्पन भोग अर्पित किया। उन्होंने यह पूरी परिक्रमा अपने पुष्टिमार्गीय गुरु और नाथद्वारा के आचार्य गोस्वामी विशाल बावा साहब के सान्निध्य में की। रास्ते भर स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण लीला की झांकियों ने भी उनका मन मोह लिया।
परिक्रमा के दौरान अनंत अंबानी और उनके गुरु ने परिक्रमा मार्ग की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसी के तहत ब्रज के समग्र विकास का सामूहिक ‘सेवा-संकल्प’ लिया गया। इस 18 करोड़ की राशि का उपयोग इन प्रमुख कार्यों में होगा:
1.परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण और तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं।
2. मुखारविंद मंदिर और प्रमुख पुष्टिमार्गीय धरोहर स्थलों का संरक्षण।
3. स्थानीय ब्रजवासी परिवारों के बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता।
4. भविष्य में परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘विशाल एवं अनंत भोज’ नाम से प्रसादी भोजन की व्यवस्था।
यात्रा पूरी करने के बाद भावुक हुए अनंत अंबानी ने कहा कि बचपन से ही उनकी इच्छा थी कि वे गिरिराज जी की पूरी परिक्रमा करें। उन्होंने कहा, “आज मैं जो कुछ भी हूं, अपने दादा-दादी के आशीर्वाद की वजह से हूं।” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी दादी कोकिलाबेन अंबानी इस यात्रा को लेकर बेहद प्रसन्न थीं। शनिवार सुबह आगरा रवाना होने से पहले उन्होंने वृंदावन जाकर ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के भी दर्शन किए। इससे पहले इसी हफ्ते वाराणसी दौरे पर उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 5 करोड़ और मां अन्नपूर्णा मंदिर में 1 करोड़ रुपये का दान दिया था।