Bihar assembly elections: विपक्षी दलों के महागठबंधन INDIA को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने साफ कर दिया है कि वह अब इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है और भविष्य में किसी भी चुनाव में अकेले ही मैदान में उतरेगी। खासतौर पर बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने कमर कस ली है और 243 सीटों पर अपने दम पर लड़ने का एलान कर दिया है।(Bihar assembly elections) AAP के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनुराग ढांडा ने इकोनॉमिक टाइम्स से कहा, “AAP किसी गठबंधन में नहीं है। हमारे पास अपनी ताकत है। हम इसी पर आगे बढ़ रहे हैं। INDIA गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था। हम अब किसी ब्लॉक का हिस्सा नहीं हैं।”
दिल्ली हार के बाद AAP की नई रणनीति
दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद आम आदमी पार्टी ने पंजाब और अन्य संभावित राज्यों पर फोकस बढ़ा दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब AAP विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पार्टी के शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित वरिष्ठ नेता प्रचार की रणनीति बना रहे हैं।
AAP ने राज्यों को बांटा दो कैटेगरी में
पार्टी ने अपने विस्तार और चुनावी रणनीति के तहत राज्यों को दो वर्गों में बांटा है:
- A कैटेगरी: वे राज्य जहां पार्टी को प्रमुख टक्कर मिलने की संभावना है और जहां खुद केजरीवाल सक्रिय रहेंगे। इसमें गुजरात, हिमाचल प्रदेश, असम, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और गोवा शामिल हैं।
- B कैटेगरी: वे राज्य जहां स्थानीय नेतृत्व चुनाव की दिशा तय करेगा।
बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी AAP
बिहार में पार्टी बूथ स्तर पर संगठन निर्माण में लगी है। बिहार के आप प्रभारी अजेश यादव ने कहा कि AAP बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी। हम बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं। फिलहाल, सात चरणों की यात्रा निकाली जा रही है ताकि जनता से जुड़ा जा सके। पार्टी सीमांचल क्षेत्र के जरिए तीसरे चरण में प्रवेश कर चुकी है। अजेश यादव ने स्पष्ट किया कि पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी।
अगले दो साल की चुनावी तैयारी पूरी
AAP ने अगले दो सालों के लिए चुनावी योजना भी तय कर ली है:
- 2026 में असम विधानसभा चुनाव के लिए केजरीवाल खुद प्रचार की कमान संभालेंगे।
- 2027 में पार्टी उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गोवा और गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP की हार
2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP ने सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन केवल 22 सीटों पर जीत मिली। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 48 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस लगातार तीसरे चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाई।