Jamshedpur News: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब बहरागोड़ा के पास सुवर्णरेखा नदी किनारे एक बेहद खतरनाक और विशाल बम बरामद हुआ।
यह बम करीब 500 पाउंड यानी 227 किलो का है और आकार में गैस सिलेंडर जितना बड़ा बताया जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह बम अब तक फटा नहीं है। (Jamshedpur News) बम पर “AN-M64 500-LB… American Made… Unexploded (UXO)” लिखा हुआ मिला है, जिससे इसका अमेरिकी कनेक्शन सामने आया है।
बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपड़ा-नागुड़साई इलाके में नदी किनारे मिट्टी और बालू के नीचे दबा यह बम मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी
स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने तुरंत इलाके को घेर लिया है और लोगों को बम से दूर रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की छेड़छाड़ पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इस खतरनाक बम को निष्क्रिय करने के लिए रांची से बम स्क्वायड को बुलाया गया है। साथ ही कलाईकुंडा एयर फोर्स स्टेशन के अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है, ताकि तकनीकी जांच की जा सके।
क्या है इसके पीछे की कहानी?
सूत्रों के अनुसार, महुलडांगरी इलाके के पास पहले एक लड़ाकू विमान के क्रैश होने की घटना सामने आई थी। आशंका जताई जा रही है कि यह बम उसी विमान से गिरकर नदी में दब गया होगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है अगर यह बम फट जाता, तो कितनी बड़ी तबाही हो सकती थी? अभी के लिए प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
